आईपीएल : दिल्ली के खिलाफ घरेलू माहौल का फायदा उठाना चाहेगी मुंबई

मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। बेहतरीन फॉर्म में चल रही मुंबई इंडियंस टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शनिवार को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाना चाहेगी।

दोनों टीमें वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।

छह में से पांच मैच जीतने के बाद मुंबई की टीम अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर है। लीग में दोनों टीमों के अभी तक के प्रदर्शन को देखते हुए मुंबई का पलड़ा भारी लग रहा है।

रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली टीम का ऊपरी क्रम रन नहीं कर रहा था, लेकिन किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ हुए मैच में उसके ऊपरी क्रम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया।

मुंबई के मध्य क्रम की जिम्मेदारी नितीश राणा, क्रुणाल पांड्या और हार्दिक पांड्या पर है और इन तीनों ने ही टीम को अभी तक निराश नहीं किया। यह तीनों इस समय शानदार फॉर्म में हैं।

मुंबई का गेंदबाजी आक्रमण अनुभवी है और संतुलित भी।

वरिष्ठ स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह शुरुआती ओवरों में टीम के लिए अहम योगदान दे रहे तो अंतिम ओवरों में जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा टीम के लिए रन रोकने के साथ विकेट भी ले रहे हैं। मिशेल मैक्लेघन भी अहम समय पर विकेट दिलाने में कामयाब रहे हैं।

वहीं दूसरी तरफ दिल्ली को अच्छे प्रदर्शन के बाद भी अपने अंतिम मैच में हार मिली थी।

टीम का बल्लेबाजी क्रम युवा खिलाड़ियों से भरा है। उसके पास सैम बिलिंग्स, संजू सैमसन, करुण नायर, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत जैसे युवा और प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं।

जहीर खान के नेतृत्व वाली दिल्ली के पास मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है। जहीर के अलावा मोहम्मद शमी, क्रिस मोरिस, कोरी एंडरसन, एंजेलो मैथ्यूज और पैट कमिंस जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाज दिल्ली के पास हैं।

अपने पांच मैचों में तीन हार और दो जीत दर्ज करने वाली दिल्ली को इस मैच में जीत की सख्त जरूरत है और उसकी नजरें भी हर हाल में जीत हासिल करने पर होंगी।

टीमें (संभावित) :

दिल्ली डेयरडेविल्स : जहीर खान (कप्तान), मोहम्मद शमी, शाबाज नदीम, जयंत यादव, अमित मिश्रा, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, करुण नायर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), चामा मिलिंद, खलील अहमद, प्रत्यूष सिंह, मुरुगन अश्विन, आदित्य तारे, शशांक सिंह, अंकित बवाने, नवदीप सैनी, कोरी एंडरसन, एंजेलो मैथ्यूज, पैट कमिंस, कागीसो रबाडा, क्रिस मोरिस, कार्लोस ब्रैथवेट और सैम बिलिंग्स।

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, जोस बटलर, श्रेयस गोपाल, कृष्णप्पा गौतम, असेला गुणारत्ने, हरभजन सिंह, मिशेल जॉनसन, कुलवंत खेजरोलियास, सिद्धेश लाड, मिशेल मैक्लेघन, लसिथ मलिंगा, हार्दिक पांड्या, पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), केरन पोलार्ड, निकोलस पूरन, दीपक पुनिया, नीतीश राणा, जितेश शर्मा, कर्ण शर्मा, लेंडल सिमंस, टिम साउदी, जगदीश सुचिता, सौरभ तिवारी, और आर.विनय कुमार।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493