मोहाली (पंजाब), 12 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 50वें मैच में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी किंग्स इलेवन पंजाब से भिड़ेगी।
प्लेऑफ दौर में पहुंचने के मुहाने पर खड़े रॉयल चैलेंजर्स के 11 मैचों में छह जीत के साथ 13 अंक हैं और टीम पांचवें पायदान पर है। ऐसे में उसे अंतिम-चार में स्थान सुनिश्चित करने के लिए तीन मैचों में कम से कम उसे दो जीतने होंगे।
ऐसे में निश्चित ही विराट कोहली के नेतृत्व वाली यह टीम मेजबान किंग्स इलेवन के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।
दूसरी ओर, पिछली बार के उपविजेता किंग्स इलेवन इस संस्करण में 12 मैचों में केवल दो जीत हासिल कर सके हैं और अंकतालिका में सबसे नीचे छठे पायदान पर हैं।
मौजूदा संस्करण में मेजबान टीम के डेविड मिलर ही नियमित तौर पर आकर्षक प्रदर्शन करते दिखे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सोमवार को पिछले मुकाबले में भी मिलर ने 44 गेंदों में 89 रनों की नाबाद पारी खेली। किंग्स इलेवन को हालांकि इस मैच में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
रॉयल चैलेंजर्स ने अपने पिछले मैच में रविवार को मुंबई इंडियंस को 39 रनों से हराया। अब्राहम डिविलियर्स की 59 गेंदों में 133 रनों की आतिशी पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 236 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में मुबई इंडियंस सात विकेट खोकर 196 रन ही बना सके।
आईपीएल में हालांकि रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ ज्यादातर मौकों पर किंग्स इलेवन का ही पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच हुए 15 मैचों में रॉयल चैलेंजर्स केवल छह जीत ही हासिल कर सके हैं।
बहरहाल, रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान कोहली, क्रिस गेल और डिविलियर्स किसी भी प्रतिद्वंद्वी टीम के लिए चुनौती बन सकते हैं। खासकर, किंग्स इलेवन की खस्ताहाल गेंदबाजी रॉयल चैलेंजर्स के लिए एक सुनहरा मौका साबित हो सकता है। मेजबान टीम के मिशेल जानसन को किंग्स इलेवन ने मुक्त कर दिया है। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए एक और परेशानी का सबब होगा।
रॉयल चैलेंजर्स के लिए भी गेंदबाजी एक समस्या रही है। मिशेल स्टार्क, हर्षल पटेल और स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल पूरे संस्करण में टीम की गेंदबाजी आक्रमण का प्रतिनिधित्व करते दिखे हैं। वैसे, जॉर्ज बेले और मिलर के खिलाफ इनका प्रदर्शन देखना रोचक साबित हो सकता है।
टीम (संभावित) :
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर : विराट कोहली (कप्तान), अब्राहम डिविलियर्स, क्रिस गेल, मिशेल स्टार्क निक मैडिंसन, रिली रोसू, डारेन सैमी, डेविड वीज, सिन एबॉट, एडम मिल्ने, वरुण एरॉन, अशोक डिंडा, हर्षल पटेल, विजय जोल, अबु नेचिम अहमद, संदीप वारियर, योगेश टकावले, युजवेंद्र चहल, इकबाल अब्दुल्ला, मनविंदर बिसला, मंदीप सिंह, दिनेश कार्तिक, सुब्रमण्यम बद्रीनाथ, सरफराज खान, जलज सक्सेना, शिशिर भवाने।
किंग्स इलेवन पंजाब : जॉर्ज बेले (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, मुरली विजय, ग्लेन मैक्सवेल, डेविड मिलर, रिद्धिमान साहा, अक्षर पटेल, अनुरीत सिंह, संदीप शर्मा, थिसारा परेरा, गुरकीरत सिंह मान, करणवीर सिंह, मनन वोहरा, परविंदर अवाना, रिषि धवन, ब्यूरॉन हेंड्रिक्स, शार्दुल ठाकुर, शिवम शर्मा, निखिल नाइक, योगेश गोलवलकर।
dharmpath.com dharmpath