मोहाली, 15 मई (आईएएनएस)। हाशिम अमला (96) की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण के 46वें मुकाबले में रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 180 रनों का लक्ष्य रखा है।
पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 179 रनों का स्कोर खड़ा किया।
पंजाब की टीम की ओर से अमला ने सबसे अधिक रन बनाए। उन्होंने 56 गेंदों का सामना कर 14 चौके और 2 छक्के लगाए। अमला के अलावा रिद्धिमान साहा (27) और गुरकीरत सिंह (27) ने भी मंझी हुई बल्लेबाजी की।
टीम के लिए अमला और गुरकीरत ने तीसरे विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी की। पंजाब की टीम का पहला विकेट 33 के स्कोर पर मुरली विजय (6) के रूप में गिरा। दूसरे विकेट के लिए रिद्धिमान ने अमला के साथ 54 रनों की साझेदारी की।
टीम का तीसरा विकेट गुरकीरत के रूप में 17.2 ओवर में 152 रनों के स्कोर पर गिरा। गुरकीरत के बाद डेविड मिलर (नाबाद 20) ने अमला के साथ साझेदारी की। अमला के रूप में अंतिम ओवर में टीम का चौथा विकेट गिरा।
हैदराबाद की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने दो और मुस्तफिजुर रहमान तथा मोइजेज हेनरिक्स ने एक-एक विकेट लिया।
dharmpath.com dharmpath