काबुल, 15 मई (आईएएनएस)। काबुल को छह प्रांतों से जोड़ने वाले एक प्रमुख राजमार्ग को तालिबान आतंकवादियों ने निशाना बनाया, जिसके बाद अफगानी सेना ने जवाबी कार्रवाई की और दोनों तरफ से मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान कम से कम 16 आतंकवादी मारे गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पुलिस ने रविवार को कहा, “तालिबान ने शनिवार रात बघलान प्रांत के चश्मा-ए-शीर गांव की सुरक्षा चौकियों पर हमला कर दिया था।”
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बघलान प्रांत में पिछले कई सालों से तालिबान के नेतृत्व वाला आतंकवाद हावी था और आतंकवादियों ने काबुल-मजार राजमार्ग पर कब्जा करने के लिए प्रांतीय राजधानी के बाहर दंड-ए-गोरी और दंड-ए-शहाबुद्दीन जिलों पर दबाव बनाया हुआ था।
पुलिस ने कहा कि चश्मा-ए-शीर काबुल को सबसे बड़े उत्तरी शहर मजार-ए-शरीफ को जोड़ने वाले एक प्रमुख राजमार्ग के पास स्थित है। तालिबान और अफगान सेना के बीच संघर्ष के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग बंद हो गया है।
dharmpath.com dharmpath