आईपीएल-11 : गेल का अर्धशतक, मुंबई को 175 रनों की चुनौती (लीड-1)

इंदौर, 4 मई (आईएएनएस)। क्रिस गेल (50) के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 25वें अर्धशतक के दम पर किंग्स इलेवन पंजाब ने अपने दूसरे घर होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में 11वें सीजन के मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 175 रनों का लक्ष्य रखा है।

मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। उनके गेंदबाज एक लिहाज से गेल को शांत रखने में कामयाब रहे। गेल उस अंदाज में नहीं दिखे जो इस मैच से पहले उन्होंने दिखाया था।

गेल ने 40 गेंदों का सामना किया और दो छक्के व चार चौके लगाए।

उम्मीद के मुताबिक पंजाब को अच्छी शुरुआत मिली। गेल और लोकेश राहुल की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 6.4 ओवरों में 54 रन जोड़े। हालांकि इस सलामी जोड़ी ने स्वभाव के विपरित थोड़ी धीमी गति से रन जोड़े।

मिशेल मैक्लेघन, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या के विफल होने के बाद रोहित ने लेग स्पिनर मयंक मारकंडे को गेंद दी। राहुल, मयंक की एक गुगली को डीप मिडविकेट पर खड़े ज्यां पॉल ड्यूमिनी के हाथों में खेल बैठे। राहुल ने 20 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 20 रन बनाए।

गेल ने बेन कटिंग द्वारा फेंके गए 12वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर आईपीएल में अपना 25वां अर्धशतक पूरा किया, लेकिन तीन गेंद पर बाद वह कटिंग की गेंद पर छक्का मारने के प्रयास में सूर्यकुमार यादव को कैच दे बैठे। गेल का विकेट 88 के कुल स्कोर पर गिरा।

युवराज सिंह ने 14 गेंदों में 14 रन बनाए। वह 96 रनों के कुल स्कोर पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे। करुण नायर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने दो शानदार छक्के भी जड़े। मैक्लेघन की गेंद पर उनकी कोशिश एक और बड़ा शॉट खेलने की थी लेकिन गेंद सीमा रेखा से पहले ही हार्दिक के हाथों में जा समाई। नायर ने 12 गेंदों का सामना करते हुए 23 रन बनाए।

अक्षर पटेल 13 रनों के निजी स्कोर पर बुमराह का शिकार बने। मयंक अग्रवाल का बल्ला सिर्फ 11 रन ही पंजाब के खाते में डाल सका।

अंत में मार्कस स्टोइनिस ने 15 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 29 रनों की पारी खेलकर टीम को 174 के कुल स्कोर तक पहुंचाया।

मुंबई के लिए मैक्लेघन, बुमराह, हार्दिक , मयंक, कटिंग ने एक-एक विकेट लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493