नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। अपने खाते से संदिग्ध लेन-देन करने और झूठी जानकारी देकर देशभर के विभिन्न हवाईअड्डों पर वर्जित क्षेत्रों में जाने के लिए पास हासिल करने के आरोप में गिरफ्तार वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र राय को एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को तीन दिन के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में दे दिया है।
राय को विशेष न्यायाधीश संतोष स्नेही मान के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने सीबीआई के आग्रह पर राय को तीन दिन की सीबीआई हिरासत में दे दिया।
राय के खाते में 2017-18 के दौरान 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का संदिग्ध लेन-देन होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
उन पर विमानन कंपनी ‘एयर वन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड’ और ‘ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्युरिटी’ (बीसीएएस) के अधिकारियों के साथ मिलकर अपराध करने का आरोप है।
सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि जांच एजेंसी ने मंगलवार को उपेंद्र राय, ‘एयर वन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड’, इसके मुख्य सुरक्षा अधिकारी प्रसून राय, बीसीएएस के कुछ अधिकारियों और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि सीबीआई मुख्यालय में ‘प्रिंटलाइन मीडिया समूह’ के मालिक और पूर्व में ‘तहलका’ के साथ काम कर चुके राय, कुछ सरकारी अधिकारी और अन्य निजी क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की गई थी।
सीबीआई ने पाया कि 2017 में राय के खाते में कई बार में एक-एक लाख रुपये से ज्यादा रुपये भेज कर 79 करोड़ रुपये पहुंचाए गए तथा उसी समय में खाते से 78.51 रुपये की निकासी भी देखी गई।
dharmpath.com dharmpath