जयपुर, 8 मई (आईएएनएस)। सलामी बल्लेबाज जोस बटलर की 82 रनों की पारी के बावजूद राजस्थान रॉयल्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में मंगलवार को अहम मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई।
सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में पंजाब के गेंदबाजों ने बटलर को छोड़ कर राजस्थान के सभी बल्लेबाजों को शांत रखा और उसे 20 ओवरों में आठ विकेट पर 158 रनों तक ही सीमित कर दिया।
पंजाब के लिए एंड्रयू टाई ने चार ओवरों में 34 रन देकर चार विकेट लिए। अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान ने चार ओवरों में महज 21 रन खर्च किए और दो सफलताएं हासिल कीं। मार्कस स्टोइनिस को एक विकेट मिला।
बटलर शुरू से ही आक्रामक थे, लेकिन दूसरे छोर से कोई बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सका। बटलर ने स्टोइनिस द्वारा फेंके गए पहले ओवर में दो चौके लगाए तो अगले ओवर में अक्षर पटेल की गेंद एक चौका और एक छक्का जड़ा। दूसरे छोर से कप्तान अंजिक्य रहाणे शांत थे। उन्होंने 10 गेंदों में एक चौके की मदद से सिर्फ नौ रन बनाए। वह 37 के कुल स्कोर पर टाई का पहला शिकार बने।
बटलर रुके नहीं और बड़े शॉट खेलते रहे। कृष्णप्पा गौतम को ऊपरी क्रम में भेजा गया लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके और महज आठ के निजी स्कोर पर स्टोइनिस की गेंद पर मनोज तिवारी को कैच देकर 64 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट लिए।
संजू सैमसन ने बटलर का साथ देने की कोशिश की और संयम से खेलते हुए 18 गेंदों में एक चौके तथा एक छक्के की मदद से 22 रन बनाए, लेकिन मुजीब उर रहमान की गुगली को वह सही तरीके से बल्ले पर नहीं ले सके और तिवारी द्वार लपके गए। उनका विकेट 117 रनों के कुल योग पर गिरा।
मुजीब ने ही 17वें ओवर में बटलर को आउट कर उन्हें शतक से महरूम रखा। मुजीब की गेंद को निकलकर मारने में वह बीट हुए और लोकेश राहुल ने 132 के कुल स्कोर पर बटलर की गिल्लियां बिखेर कर राजस्थान को चौथा झटका दिया। उन्होंने अपनी पारी में 59 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और एक छक्का लगाया।
बेन स्टोक्स और स्टुअर्ट बिन्नी क्रमश: 14 और 11 रन ही बना सके। टाई ने आखिरी ओवर में जोफ्रा आर्चर और जयदेव उनादकट को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।
dharmpath.com dharmpath