पुणे, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। सुरेश रैना (नाबाद 75) के शानदार अर्धशतक और अंबाती रायुडू (46) की उपायोगी पारियों के बावजूद मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स को 20 ओवरों में पांच विकेट पर 169 रनों पर ही रोक दिया।
एक समय लग रहा था कि चेन्नई आराम से 180 से 190 का स्कोर छू लेगी लेकिन अंतिम चार ओवरों में उसने सिर्फ 38 रन बटोरे और तीन विकेट गंवा दिए जिससे वह 200 के करीब नहीं पहुंच सकी।
रैना ने 47 गेंदों पर छह चौके और चार छक्के लगाए और नाबाद रहे। रैना का सत्र का यह दूसरा अर्धशतक है।
मुंबई ने यहां महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) मैदान पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई ने अपना पहला विकेट 26 के कुल स्कोर पर शेन वाटसन (12) के रूप में खो दिया। वाटसन को क्रूणाल पांड्या ने मयंक मरक डे के हाथों कैच कराया।
वाटसन के आउट हाने के बाद रैना और रायुडू ने दूसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की। क्रूणाल ने रायुडू को अर्धशतक से महरूम रखा और 74 के कुल स्कोर पर बैन कटिंग के हाथों कैच करा पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 35 गेंदों की पारी में दो चौके और चार छक्के लगाए।
इसके बाद रैना ने महेंद्र सिंह धौनी (26) के साथ भी तीसरे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी निभाई। धौनी 17.1वें ओवर में 143 के कुल स्कोर पर आउट हुए। उन्होंने 21 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्का लगाया। धौनी मैक्लेघन का शिकार बने। इसके एक गेंद बाद ही मैक्लेनेघन ने ड्वायन ब्रावो (0) को भी मरक डे के हाथों कैच आउट करा दिया।
सैम बिलिंग्स ने तीन रन बनाए। उनके रूप में चेन्नई ने अपना पांचवां विकेट खोया।
मुंबई के लिए मैक्लेघन ने 26 रन देकर दो विकेट, क्रूणाल ने 32 रन देकर दो सफलताएं हासिल की। हार्दिक पांड्या के हिस्से एक विकेट आया।
dharmpath.com dharmpath