हैदराबाद, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के मैच में राजस्थान रॉयल्स को छोटे स्कोर पर रोक दिया।
हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और उनके गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए राजस्थान को 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 125 रनों पर ही रोक दिया।
हैदराबाद के लिए सिद्धार्थ कौल ने चार ओवरों में महज 17 रन देकर दो विकेट लिए। शाकिब अल हसन ने चार ओवर में 23 रन देकर दो विकेट लिए। राशिद खान, बिलि स्टानलेक और भुवेश्वर को एक-एक सफलता मिली। यह तीनों गेंदबाज भी किफायती साबित हुए।
राजस्थान की तरफ से संजू सैमसन ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। उनके अलावा और कोई बल्लेबाज विकेट पर पैर नहीं जमा सका।
अपना पहला आईपीएल खेल रहे डी आर्की शॉर्ट सिर्फ एक चौका मार पहले ओवर की आखिरी गेंद पर रन आउट हो गए। इसके बाद सैमसन और कप्तान अजिंक्य रहाणे (13) ने टीम को संभालते हुए स्कोर बोर्ड पर 6.5 ओवरों में 52 रन पहुंचा दिया। इसी स्कोर पर रहाणे, सिद्धार्थ की गेंद पर राशिद द्वारा सीमा रेखा पर लपके गए।
हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स से टीम को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह सिर्फ पांच रन ही बना सके और बिलि स्टानलेक का शिकर बने। यहां से राजस्थान की टीम लगातार विकेट खोने लगी। राहुल त्रिपाठी ने 17 रन बनाए। उन्हें शाकिब अल हसन ने मनीष पांडे के हाथों कैच कराया। शाकिब ने ही सैमसन को अर्धशतक से एक रन से दूर कर दिया। उन्होंने अपनी 42 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए।
अंत में कोई बल्लेबाज बड़े शॉट नहीं लगा सका और राजस्थान की टीम बड़े स्कोर से महरूम रह गई।
dharmpath.com dharmpath