मप्र : दिग्विजय की नर्मदा परिक्रमा पूरी, लिया संतों का आशीर्वाद (फोटो सहित)

नरसिंपुर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की नर्मदा परिक्रमा का सोमवार को समापन हो गया। उन्होंने नरसिंहपुर जिले के बरमान घाट पर अपनी पत्नी अमृता राय सिंह के साथ नर्मदा नदी की पूजा-अर्चना कर यात्रा का समापन किया। इस मौके पर कई धर्मगुरु और राजनेता मौजूद रहे।

समापन समारोह में शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती और आध्यात्मिक संत देव प्रभाकर शास्त्री की मौजूदगी में अन्य पंडितों ने पूरे विधि-विधान से पूजन कराया। सिंह दंपति ने एक साथ बैठकर धार्मिक अनुष्ठान पूरा किया।

समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता कमलनाथ व सुरेश पचौरी के अलावा कई भाजपा नेता भी पहुंचे। केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने दिग्विजय को पत्र लिखकर उनकी परिक्रमा यात्रा को सराहा है।

दिग्विजय की 6 माह 11 दिन की नर्मदा यात्रा पर टोनू सोजतिया ने एक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) बनाया है, जिसकी सीडी उन्होंने सिंह दंपति को सौंपा।

दिग्विजय ने पत्नी अमृता के साथ 30 सितंबर, 2017 को नर्मदा परिक्रमा यात्रा की शुरुआत बरमान घाट से ही की थी। उस समय भी उन्होंने शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती से आशीर्वाद लेकर यात्रा शुरू की थी। उनकी इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोग जगह-जगह शामिल होते रहे। इस यात्रा में के साथ सबसे ज्यादा समय पूर्व मंत्री सुभाष सोजतिया उनके साथ रहे। उनकी यात्रा के क्रम में कांग्रेस के मध्य प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया, ज्योतिरादित्य सिंधिया, अशोक गहलोत सहित कई नेता मिलने पहुंचे थे।

दिग्विजय-अमृता ने 190 दिन में 3300 किलोमीटर की पदयात्रा की। वे रोजाना 25 किलोमीटर चलकर मध्य प्रदेश के 120 विधानसभा क्षेत्रों के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से भी गुजरे।

सिंह दंपति की यात्रा समापन मौके पर धार्मिक अनुष्ठान हुआ, भंडारे में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जबलपुर और करेली रेलवे स्टेशन से लोगों को लाने-ले जाने की व्यवस्था की गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493