आईपीएल-12 : मुंबई ने चेन्नई को दिया 171 रन का लक्ष्य (लीड-1)

मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस ने अपने बल्लेबाजों के अच्छे प्रदर्शन के दम पर वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 170 रनों का स्कोर खड़ा किया है।

मुंबई को शुरुआत धीमी मिली थी, लेकिन अंत उसके बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोर टीम का मजबूत स्कोर दिया।

मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव ने 59 और क्रुणाल पांड्या ने 42 रनों की पारी खेली। इन दोनों के बाद अंत में हार्दिक पांड्या ने आठ गेंदों पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 25 और केरन पोलार्ड ने सात गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 17 रन बनाए।

चेन्नई ने टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। मुंबई के इन फॉर्म बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (4) इस मैच में विफल रहे और 14 के कुल स्कोर पर दीपक चहर का शिकार बने। कप्तान रोहित शर्मा (13) भी 45 के कुल स्कोर पर पवेलियन निकल लिए। रोहित के जाने के पांच रन बाद युवराज सिंह (4) इमरान ताहिर की गेंद पर अंबाती रायडू के हाथों लपके गए।

यहां से सूर्यकुमार और क्रुणाल ने टीम को संभाले रखा और लगातार रन बनाए। इस बीच क्रुणाल को एक जीवनदान भी मिला जब शार्दूल ठाकुर ने ड्वायन ब्रावो की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया।

क्रुणाल अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन मोहित शर्मा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में रवींद्र जडेजा द्वारा लपके गए। उन्होंने 32 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से शानदार पारी खेली।

जडेजा ने ही ब्रावो की गेंद पर सूर्यकुमार का कैच पकड़ा उनकी पारी का अंत किया। सूर्यकुमार का विकेट 125 के कुल योग पर गिरा। सूर्यकुमार ने अपनी पारी में 43 गेंदों का सामना किया और आठ चौकों के अलावा एक छक्का मारा।

अंत में हार्दिक और पोलार्ड ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी कर मुंबई को मजबूत स्कोर दिया। मुंबई ने आखिरी पांच ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 77 रन जोड़े जिसमें से 29 रन तो अकेले आखिरी ओवर में आए। इस ओवर में हार्दिक ने दो छक्के और एक चौका मारा।

चेन्नई के लिए दीपक, मोहित, इमरान ताहिर, जडेजा, ब्रावो ने एक-एक विकेट लिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493