बिहार : रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा 2 जगहों से लड़ेंगे चुनाव (लीड-1)

पटना, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। विपक्षी दलों के महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने यहां बुधवार को अपने हिस्से की चार लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। रालोसपा प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा दो लोकसभा सीटों -काराकाट और उजियारपुर- से चुनाव लड़ेंगे।

कुशवाहा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में प्रत्याशियों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के दबाव और लोगों की भावना को देखते हुए उन्हें दो लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ने का फैसला करना पड़ा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने पश्चिम चंपारण लोकसभा सीट से ब्रजेश कुशवाहा को तथा पूर्वी चंपारण से आकाश कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है।

आकाश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद अखिलेश कुमार सिंह के पुत्र हैं।

महागठबंधन में शामिल रालोसपा बिहार की पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी जमुई लोकसभा सीट से पहले ही भूदेव चौधरी को मैदान में उतार चुकी है।

दो सीटों पर चुनाव लड़ने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “दो सीटों पर चुनाव लड़कर एक सीट पर जद (यू) और एक पर भाजपा को सबक सिखाना चाहते हैं। दोनों दलों ने मुझे बर्बाद करने का जो संकल्प लिया है, दोनों सीटों से हराकर हम उन्हें सबक सिखाएंगे।”

काराकाट के मौजूदा सांसद उपेन्द्र उजियारपुर से नौ अप्रैल एवं काराकाट से 25 अप्रैल को नामांकन का पर्चा दाखिल करेंगे।

उजियारपुर में उपेंद्र का मुख्य मुकाबला भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मौजूदा सांसद नित्यानंद राय से और काराकाट में जद (यू) प्रत्याशी महाबली सिंह से होगा।

महागठबंधन में रालोसपा के अलावा राजद, कांग्रेस, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और विकासशील इंसान पार्टी शामिल हैं।

कुशवाहा ने दावा किया कि सभी 40 सीटों पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित है।

बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए सभी सात चरणों में मतदान होना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493