आईपीएल-8 : मुंबई इंडियंस के सामने 178 रनों का लक्ष्य (लीड-1)

मुंबई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। किंग्स इलेवन पंजाब ने रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के सातवें मैच में मुंबई इंडियंस के सामने 178 रनों का लक्ष्य रखा है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग्स इलेवन ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए। कप्तान जॉर्ज बेले ने 32 गेंदों में चार चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 61 रनों की शानदार पारी खेली।

अच्छी शुरुआत और फिर मध्य में लड़खड़ाने के बाद किंग्स इलेवन के बल्लेबाजों ने आखिरी दस ओवर में 90 रन जोड़े।

आईपीएल के पहले मैच में असफल रहे सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (36) ने मुरली विजय (35) के साथ खेलते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े।

सातवें ओवर में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने गेंदबाजी में बदलाव किया और हरभजन सिंह को ले आए। हरभजन ने अपने पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर सहवाग को कीरन पोलार्ड के हाथों कैच कराकर टीम को पहली सफलता दिला दी।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल (6) भी जल्दी ही पवेलियन लौट गए। इन दो बड़े झटकों से टीम संभली भी नहीं थी कि हरभजन ने मुरली विजय का विकेट लेकर किंग्स इलेवन को दबाव में ला दिया।

इसके बाद चौथे विकेट के लिए हालांकि डेविड मिलर (24) और बेले ने 31 गेंदों में 46 रनों की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर की ओर ले जाने में बड़ी भूमिका निभाई।

मुंबई इंडियंस की ओर से लसिथ मलिंगा और हरभजन ने दो-दो सफलता हासिल की। जगदीशा सुचित को एक विकेट मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493