नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। इंटरनेशनल टेनिस प्रीमियर लीग (आईपीटीएल) के दूसरे संस्करण के भारत चरण के लिए टिकटों की बिक्री तीन अगस्त से शुरू होगी। टिकट ‘बुकमाईशो डॉट कॉम’ से हासिल किए जा सकते हैं।
आयोजकों ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 2 से 20 दिसम्बर तक होने वाले टूर्नामेंट के लिए पहले टिकट खरीदने वालों को कुछ समय के लिए छूट दी जाएगी।
टिकटों की कीमत कितनी होगी, इसका खुलासा नहीं हुआ लेकिन आयोजकों का कहना है कि बीते साल की तुलना में इस साल टिकटों की कीमत कम रखी गई है।
आईपीटीएल के भारत चरण का आयोजन 10 से 12 दिसम्बर तक होगा। तीन दिनों तक इसके मुकाबले इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले जाने हैं।
बाकी के चरणों में 2 से 4 दिसम्बर तक जापान चरण, 6 से 8 दिसम्बर तक फिलिपींस चरण और 14 से 16 दिसम्बर तक दुबई तथा 18 से 20 दिसम्बर तक सिंगापुर चरण का आयोजन होगा।
बीते साल इंडियन एसेस टीम ने इस 10 लाख डॉलर इनामी टूर्नामेंट का खिताब जीता था। इस साल स्पेन के दिग्गज राफेल नडाल इंडियन एसेस के मार्की खिलाड़ी होंगे।
dharmpath.com dharmpath