आईसीसी की भ्रष्टाचार रोधी इकाई और पेशेवर हो : मैक्लम

लंदन, 7 जून (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैक्लम ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की भ्रष्टाचार रोधी इकाई के कामकाज को लचर बताते हुए उससे और पेशेवर रवैया अपनाने का आग्रह किया है।

अपनी ही टीम के खिलाड़ी क्रिस केर्न्‍स के खिलाफ मैच फिक्सिंग के सबूत जमा करने वाले मैक्लम ने कहा है कि उन्होंने आईसीसी अधिकारी को जो पहला साक्षात्कार दिया था, वह काफी अनौपचारिक था।

वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने मैक्लम के हवाले से लिखा, “अधिकारी ने हमारे बीच हुई बातचीत को रिकार्ड नहीं किया, सिर्फ कुछ बातें लिख लीं। उन्होंने कहा था कि मैं जो कुछ भी कहूंगा, वह उसे कागज पर लिख लेंगे। वह शायद फाइल के अंत में लिखा मिलेगा जिसका कोई उपयोग नहीं होगा।”

मैक्लम ने कहा, “मैं जब वह सब याद करता हूं तो सबूत जुटाने के उन तरीकों को काफी लापरवाह पाता हूं। मैं पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी के बारे में उन्हें कुछ बता रहा था और मुझसे कुछ भी विस्तार में बताने को नहीं कहा गया। साथ ही मुझसे एक बयान पर हस्ताक्षर कराए गए जो कि एक खोखली रूपरेखा से ज्यादा कुछ नहीं था।”

उन्होंने कहा, “मैं मानता हूं कि खिलाड़ी आईसीसी से अच्छे व्यवहार की उम्मीद रखते हैं। भविष्य में सबूत जुटाने के लिए पहले से ज्यादा पेशेवर रवैया अपनाना चाहिए। काश आईसीसी ने मेरी शुरुआती पहल को पेशेवर तरीके से लिया होता।”

नौ हफ्ते के मुकदमें के बाद 2015 नवंबर में केर्न्‍स पर से सभी आरोप हटा दिए गए थे, लेकिन उन्होंने कहा था कि उनकी छवि को नुकसान हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493