आईसीसी विश्व कप : सह मेजबान न्यूजीलैंड को खिताब की आस

क्राइस्टचर्च, 6 फरवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली, छह बार आईसीसी विश्व कप के सेमीफाइनल तक का सफर तय कर चुकी और एकदिवसीय प्रारूप के अनुकूल खिलाड़ियों से भरी न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम भी अपनी घरेलू धरती पर इस बार विश्व कप की प्रबल दावेदार मानी जा रही है।

न्यूजीलैंड की पहचान कभी भी विश्व की धुरंधर टीम के रूप में नहीं की गई, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सभी बड़ी स्पर्धाओं में उनके प्रदर्शन में निरंतरता रहती है। न्यूजीलैंड हमेशा अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन करती रही है और इस बार वे अपने घरेलू माहौल में अपना पहला विश्व कप खिताब जीतने के लिए जरूर बेताब होंगे।

विश्व कप से ठीक पहले श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखलाओं में मिली शानदार सफलता से भी न्यूजीलैंड का मनोबल काफी ऊंचा है। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को सात मैचों की एकदिवसीय सीरीज में 4-2 से हराया, जबकि पाकिस्तान को दो मैचों की एकदिवसीय सीरीज में 2-0 से करारी मात दी।

श्रीलंका और पाकिस्तान को हराने से पूर्व पिछले साल कीवी टीम मौजूदा विश्व चैम्पियन भारत को 4-0 से हराने में भी कामयाब रही थी।

ताजा एकदिवसीय रैंकिंग में सह-मेजबान न्यूजीलैंड भले ही छठे स्थान पर है लेकिन उसमें विश्व क्रिकेट को चौंकाने की क्षमता है।

विश्व कप के लिए ग्रुप-ए में मौजूद न्यूजीलैंड अपने अभियान का आगाज 14 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ मैच से करेगा। ग्रुप-ए में अन्य टीमें आस्ट्रेलिया, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड हैं।

न्यूजीलैंड के लिए एक बड़ा फायदा यह भी है कि उसे टूर्नामेंट के सभी ग्रुप मैच अपने मैदान पर खेलने हैं। अगर टीम फाइनल में पहुंचती है तभी उसे आस्ट्रेलिया जाना होगा। खिताबी मुकाबला मेलबर्न में खेला जाना है।

टीम की बल्लेबाजी फिलहाल उसका सबसे मजबूत पक्ष है। मार्टिन गुप्टिल, रॉस टेलर और कप्तान ब्रेंडन मैक्लम सहित केन विलियमसन आक्रामक तरीके से बल्लेबाजी करने में सक्षम हैं। दक्षिण अफ्रीकी मूल के ग्रांट इलियट भी मध्यम क्रम पर बल्लेबाजी करने की क्षमता रखते हैं।

कोरी एंडरसन बल्ले और गेंद से टीम में अहम भूमिका निभाने की क्षमता रखते हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज एंडरसन ने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 36 गेंदों में शतक बनाकर दर्शाया था कि वह अपने बल पर किसी भी मैच का रूख पलटने की क्षमता रखते हैं।

गेंदबाजी में अनुभवी स्पिनर डेनियल विटोरी का साथ टीम को और मजबूती प्रदान करता है। उल्लेखनीय है विटोरी आज भी विश्व के सबसे किफायती गेंदबाजों में गिने जाने हैं।

तेज गेंदबाजी की कमान टिम साउदी, काइल मिल्स, ट्रेंट बोल्ट और एडम मिल्ने के कंधो पर होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493