आतंकवादी हमले का माकूल जवाब देंगे : राजनाथ (लीड-1)

नई दिल्ली, 2 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पंजाब के पठानकोट में वायुसेना के अड्डे पर शनिवार को हुए आतंकवादी हमले के बाद कहा कि भारत शांति के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन आतंकवाद का माकूल जवाब दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत, पाकिस्तान सहित सभी देशों के साथ अच्छे और दोस्ताना संबंध चाहता है।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान हमारा पड़ोसी है। हम शांति चाहते हैं, लेकिन भारत पर हुए किसी भी आतंकवादी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा।”

पठानकोट वायु सेना अड्डे पर भारतीय सुरक्षाबलों की ओर से की गई तत्काल व उचित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि यदि सुरक्षाबलों ने तत्काल कार्रवाई न की होती तो हालात बदतर हो सकते थे।

उन्होंने कहा, “हालात बदतर हो सकते थे। सुरक्षा बलों ने जिस दिलेरी के साथ आतंकवादियों का मुकाबला किया, मैं उसकी प्रशंसा करता हूं और उन्हें बधाई देता हूं।”

उन्होंने हालांकि मुठभेड़ के दौरान शहीद या घायल होनेवाले भारतीय सुरक्षाबलों की संख्या बताने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि अभियान खत्म होने तक इस बारे में कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि आतंकवादी हमले में भारतीय वायु सेना के कम से कम दो जवान शहीद हुए और चार आतंकवादी मारे गए।

कांग्रेस नेताओं की आलोचना का जवाब देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि विपक्ष का काम ही सवाल उठाना है, लेकिन सरकार की नीति स्पष्ट है।

राजनाथ ने कहा, “जो उन्हें (विपक्ष) पसंद हो कहने दीजिए, लेकिन हमारी नीति स्पष्ट है। हम शांति चाहते हैं। लेकिन अपनी धरती पर हम किसी भी प्रकार की आतंकवादी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे और इसका करारा जवाब देंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493