आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता की जरूरत : राजनाथ

नई दिल्ली, 31 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सभी राजनीतिक पार्टियों से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।

राजनाथ ने पंजाब के गुरदासपुर जिले में सोमवार को हुए आतंकवादी हमले के संबंध में लोकसभा में बयान जारी करते हुए कहा, “आतंकवाद देश के लिए सबसे बड़ी चुनौती है और इस पर न तो देश और न ही संसद में किसी तरह का भेद नजर आना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और वह खुद किसी भी सवाल का जवाब देने को तैयार हैं।

मंत्री ने कहा कि एक ओर जहां सुरक्षाकर्मी ऐसे हमलों का सामना करने के दौरान अपनी जान न्यौछावर कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अन्य सदस्य चर्चा के दौरान हंगामा कर रहे हैं।

राजनाथ का बयान ऐसे समय में आया है जब विपक्ष ललित मोदी तथा व्यापमं प्रकरण को लेकर लोकसभा में हंगामा कर रहा है।

हालांकि राजनाथ के आतंकवाद संबंधी बयान के वक्त विपक्षी सदस्य शांत रहे, लेकिन बयान समाप्त होते ही अध्यक्ष की आसंदी तक पहुंच गए।

राजनाथ ने अपने बयान में हमले से संबंधित विस्तृत जानकारी दी और कहा कि पंजाब पुलिस ने अभियान के दौरान हमलावरों से निपटने के लिए हर संभव प्रयास किया।

उन्होंने कहा, “आतंकवादियों के पास से तीन एके47 रायफल, 19 मैगजीन, दो जीपीएस प्रणाली और बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए हैं।”

मंत्री ने कहा कि जीपीएस से मिले शुरुआती आंकड़ों के अनुसार आतंकवादी पाकिस्तान से आए थे।

उन्होंने कहा, “सरकार आतंकवादियों से मजबूती से निपटने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493