नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के साथ तनाव कम करने के लिए पर्याप्त कदम उठाए, लेकिन पाकिस्तान ने उसका जवाब सीमापार आतंकवाद से देकर शांति वार्ता के लिए जरूरी वातावरण को ‘सफलतापूर्वक’ रोक दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने स्थिति में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए, जिसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथग्रहण समारोह में आमंत्रित करना तथा शरीफ के एक सामाजिक समारोह में भाग लेने के लिए मोदी की साल 2015 के दिसंबर में की गई यात्रा भी शामिल है।
जेटली ने कहा, “इसमें से हर कदम का पाकिस्तान ने कभी पठानकोट या उड़ी या फिर हमारे दो जवानों के शव को क्षतविक्षत कर जवाब दिया।”
जेटली ने कहा कि सुरक्षा बलों (बीएसएफ और सेना) ने नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
उन्होंने कहा, “मैं रणनीतिक विवरणों में नहीं जाना चाहता, लेकिन पिछले कुछ हफ्तों में हमारी सेनाएं नियंत्रण रेखा पर हावी रही हैं और स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा है।”
कश्मीर के बारे में पूछे जाने पर जेटली ने कहा, “आप वहां जाकर देखें, दक्षिण कश्मीर के कुछ जिले एक चुनौती थे। लेकिन घाटी के दूसरे हिस्से जिसमें श्रीनगर भी शामिल है, वहां सबकुछ सामान्य है।”
dharmpath.com dharmpath