आदिवासियों का अस्तित्व मिटाने की साजिश : शरद

झाबुआ, 18 नवंबर (आईएएनएस)। जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने कहा है कि विकास के नाम पर आदिवासियों का अस्तित्व मिटाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के महाकौशल का चुटका परमाणु संयंत्र और राजस्थान के भीलवाड़ा का परमाणु संयंत्र इसी साजिश का हिस्सा है।

मध्य प्रदेश के झाबुआ-रतलाम संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में गैर भाजपा-गैर कांग्रेसी दलों के संयुक्त उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार करने आए यादव ने बुधवार को तीन जनसभाओं को संबोधित किया।

शरद ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस, दोनों पार्टियां राजस्थान में दानपुर (बांसवाड़ा) परमाणु बिजली परियोजना लगाकर माही नदी एवं आदिवासियों का अस्तित्व मिटाना चाहती हैं।

उन्होंने कहा, “इसी तरह दोनों पार्टियां मध्य प्रदेश के मंडला जिले में चुटका परमाणु बिजली परियोजना लगाकर राज्य की जीवन रेखा नर्मदा नदी एवं संपूर्ण गोडवाना के आदिवासियों का अस्तित्व समाप्त करना चाहती हैं। लेकिन जद(यू) और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश के भीलिस्तान एवं गोंडवाना क्षेत्र के आदिवासी क्षेत्रों में किसी भी कीमत पर परमाणु बिजली घर नहीं लगने देगी। इसके लिए चाहे कितनी भी बड़ी कुर्बानी क्यों न देनी पड़े।”

यादव ने आदिवासी समाज के महान नायकों का स्मरण करते हुए कहा, “टंट्या मामा और मामा बालेश्वर दयाल ने आदिवासियों में चेतना जगाकर संघर्ष करना सिखाया। लेकिन आजादी के बाद से कांग्रेस और भाजपा ने हमेशा आदिवासियों का शोषण किया है, जो अब तक चला आ रहा हैं। आदिवासियों को यदि शोषण से मुक्ति पानी है, तो उन्हें भाजपा और कांग्रेस को हराना होगा।”

यादव ने आरोप लगाया कि केन्द्र व प्रदेश सरकारों ने संविधान द्वारा प्रदत्त आदिवासियों के आरक्षण के अधिकार को आज तक पूरी तरह लागू नहीं किया है।

उन्होंने कहा, “केन्द्र व प्रदेश में आदिवासियों के आरक्षित पद लाखों की संख्या में रिक्त पड़े हुए हैं। उन्हें भरने की जगह नरेन्द्र मोदी सरकार और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत आरक्षण को ही समाप्त करना चाहते हैं।”

यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी की भारत सरकार और अमित शाह की तथाकथित दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को बिहार की जनता ने नीतीश कुमार व लालू यादव के नेतृत्व में उखाड़ दिया है और देश में नफरत की जगह हिन्दू-मुस्लिम एकता को मजबूती प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि बिहार के परिवर्तन का संदेश रतलाम-झाबुआ उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस को हराकर गैर भाजपा-गैर कांग्रेस दलों के जद(यू) प्रत्याशी विजय हारी को जिताकर देना है।

यादव ने आगे कहा कि विजय हारी की जीत से मध्य प्रदेश में जद(यू), गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), बहुजन संघर्ष दल, राष्ट्रीय समानता दल का एक मजबूत राजनीतिक विकल्प जन्म लेगा, जो सिर्फ मध्य प्रदेश नहीं, बल्कि देश की राजनीति को भी नई दिशा देगा।

सभाओं को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के अध्यक्ष हीरासिंह मरकाम जद(यू) के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद यादव, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पूनमसिंह भार्वे, माकपा के राज्य सचिव मंडल के सदस्य जसविंदर सिंह, रामनारायण कुरेरिया, युवा जद(यू) के अध्यक्ष शैलेन्द्र यादव ने भी संबोधित किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493