आप कार्यकर्ताओं का स्मृति के घर के बाहर प्रदर्शन

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के 500 से अधिक कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी के आवास के बाहर गुरुवार को प्रदर्शन किया और शैक्षणिक योग्यता को लेकर कथित रूप से गलत जानकारी देने को लेकर उनके इस्तीफे की मांग की।

पुलिस ने बताया कि आप कार्यकर्ता पूर्वाह्न 11 बजे ईरानी के आवास के बाहर जमा हुए और उनकी गिरफ्तारी की मांग की।

दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को ईरानी की शैक्षणिक योग्यता को लेकर कथित रूप से गलत जानकारी देने के संबंध में दायर की गई याचिका स्वीकार कर ली, जिसके बाद आप ने मांग की कि जिस प्रकार की कार्रवाई दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र तोमर के खिलाफ की गई, वैसी ही कार्रवाई ईरानी के खिलाफ होनी चाहिए।

एक कार्यकर्ता ने कहा, “ईरानी को बिना देरी गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। तोमर की गिरफ्तारी में कोई देरी नहीं की गई, फिर इस मामले में देरी क्यों हो रही है?”

विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा बलों को तैनात किया गया और मंत्री के घर के बाहर नाकेबंदी की गई।

पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने आईएएनएस को बताया, “हमने पुलिसकर्मियों को तैनात किया है और कानून व व्यवस्था बरकरार रखने के लिए नाकेबंदी की।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493