आप पेट्रोल के ऊंचे दाम के खिलाफ छेड़ेगी राष्ट्रव्यापी अभियान

नई दिल्ली, 19 सितंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को कहा कि वह पेट्रोल की ऊंची कीमतों के खिलाफ जल्द ही राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेगी।

आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने यह घोषणा मीडिया के सामने की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सभी विधायकों और जिला प्रमुखों के साथ बुधवार को दिल्ली में आपात बैठक करेगी और अभियान की रणनीति तैयार करेगी।

राय ने कहा कि मोदी सरकार जब सत्ता में आई, तब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 105.5 डॉलर प्रति बैरल थी और दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 71 रुपये प्रति लीटर थी। आज अंतर्राष्ट्रीय कीमत आधे से भी कम हो गई है, लेकिन दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कहती है कि राज्य के करों के कारण कीमतें बढ़ी हैं, और इसलिए भी कि पेट्रोल और डीजल जीएसटी के दायरे में नहीं हैं, लेकिन यह सच नहीं है।

राय ने कहा, “भाजपा चुप्पी साधे हुए है, क्योंकि उसे अगले चुनाव का खर्च उगाहने के लिए इन कंपनियों के पास जाना है।”

उन्होंने कहा कि भाजपा कीमतें घटाने का वादा कर सत्ता में आई, लेकिन ऐसा करने में वह पूरी तरह विफल रही है।

राय ने सवाल किया, “(पेट्रोल की ऊंची कीमत को लेकर) सरकार क्या कर रही है? सरकार इन कंपनियों पर नियंत्रण क्यों नहीं कर रही?”

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ऊंची पेट्रोल कीमतों के खिलाफ सोशल मीडिया पर भी एक अभियान शुरू करने जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493