आप, भाजपा के कारण दिल्ली का विकास रुका : कांग्रेस

नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दिल्ली में विकास कार्यो को रोकने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस ने कहा है कि राजधानी के निवासी आप और भाजपा के कुशासन से त्रस्त हैं।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने यहां पार्टी सम्मेलन के दौरान कहा, “दिल्ली के तीनों नगर निगमों में भाजपा के 10 वर्षो के कुशासन और राज्य में आप के दो वर्ष के कुशासन से राजधानी वासी त्रस्त हैं, क्योंकि दिल्ली में इस दौरान विकास के सारे कार्य ठप पड़े हुए हैं।”

कांग्रेस ने एक पुस्तिका तैयार की है, जिसे वे आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आरोप-पत्र कह रहे हैं। इस पुस्तिका का शीर्षक ‘केजरीवाल के भ्रष्टाचार, मौज करें रिश्तेदार’ रखा गया है।

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए माकन ने कहा, “अब दिल्ली वासी कांग्रेस की पिछली सरकार को याद करने लगे हैं, जिसके शासनकाल में दिल्ली में ढेरों विकास कार्य हुए थे।”

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के नगर निगमों में कांग्रेस जीतकर फिर लौटेगी।

माकन ने कहा, “नगर निगम के 13 वार्डो में हुए उप-चुनाव में कांग्रेस को पांच वार्डो में मिली जीत से पता चलता है कि लोग कांग्रेस को दोबारा सत्ता में देखने के किस कदर इच्छुक हैं। इन पांचों नगर निगम वार्डो में इससे पहले कांग्रेस कभी नहीं जीती थी।”

उन्होंने कहा, “नगर निगम में भाजपा और दिल्ली में आप की सरकार भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुकी है और दोनों ही पार्टियों ने झूठे वादे कर दिल्ली वासियों को नीचा दिखाया है।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. सी. चाको ने कहा कि माकन के नेतृत्व में कांग्रेस की दिल्ली में वापसी तय है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493