चंडीगढ़/मलेर कोटला, 25 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब की एक अदालत ने दिल्ली के आम आदमी पार्टी (आप) विधायक नरेश यादव को कुरान के अनादर के मामले में सोमवार को दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
यादव को चंडीगढ़ से लगभग 100 किलोमीटर दूर मुस्लिम बहुल कस्बे मलेर कोटला की अदालत के समक्ष पेश किया गया।
पंजाब पुलिस ने आप विधायक को रविवार शाम महरौली स्थित उनके कार्यालय से उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह संवाददाता सम्मेलन कर रहे थे। मलेर कोटला की अदालत द्वारा उनके खिलाफ वारंट जारी करने के बाद उनकी गिरफ्तारी हुई है।
पंजाब पुलिस ने 24 जून को धार्मिक ग्रंथ के अनादर के मामले में यादव से नौ जुलाई को आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी।
धार्मिक ग्रंथ के अनादर के मामले के एक आरोपी द्वारा कथित खुलासे के बाद आप विधायक पर साजिश का मास्टरमाइंड होने का मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुख्य आरोपी विजय कुमार ने दावा किया कि यादव ने ऐसा करने के लिए उसे एक करोड़ रुपये दिए। बाद में उसने अपना बयान दंडाधिकारी के समक्ष दर्ज कराया।
संगरूर पुलिस ने धार्मिक ग्रंथ के अनादर के मामले में विजय कुमार, गौरव और नंद किशोर को गिरफ्तार किया और कहा कि वे दक्षिणपंथी हिंदू संगठन विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से संबंध रखते हैं।
वहीं, यादव ने दावा किया है कि घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है और राजनीतिक कारणों से उन्हें मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है।
dharmpath.com dharmpath