नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कर लिया। पत्नी लिपिका मित्रा ने कुछ माह पहले उन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था।
पश्चिमी दिल्ली के द्वारका उत्तरी पुलिस थाने में पूर्व कानून मंत्री भारती के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत घरेलू हिंसा सहित कई आरोपों में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने 10 जून को सोमनाथ की पत्नी लिपिका की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद एफआईआर दर्ज की है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “लिपिका का आरोप है कि वर्ष 2010 में विवाह के बाद से सोमनाथ उनके साथ दुर्व्यवहार करते आ रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया है कि पति ने उन्हें मारा-पीटा और जान से मारने की कोशिश भी की।”
पुलिस अधिकारी के अनुसार, सोमनाथ भारती पर अपने कुत्तों को पत्नी और बच्चे पर खुला छोड़ने का भी आरोप है।
इस मामले में सोमनाथ से फोन पर बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। लेकिन उनसे जुड़े सूत्रों का कहना है कि वह इस एफआईआर से सकते में हैं, क्योंकि वह गुरुवार सुबह तक एसएमएस के जरिए पत्नी के संपर्क में ही थे।
सूत्रों के अनुसार, सोमनाथ ने केंद्र सरकार को रिपोर्ट करने वाली दिल्ली पुलिस पर उनके खिलाफ साजिश रचने और झूठे मामलों में फंसाने का आरोप लगाया है।
dharmpath.com dharmpath