मुंबई, 29 नवंबर (आईएएनएस)। निर्देशक राजकुमार हिरानी का मानना है कि अहिष्णुता पर अभिनेता आमिर खान की टिप्पणी बिल्कुल निर्दोष थी।
हिरानी ने रॉयल स्टैग बैरल सिलेक्ट पर्फेक्ट सीजन 2 में कहा, “यदि आप उस जवाब को देखें कि उन्होंने क्या कहा, तो उन्होंने साफतौर पर कहा, ‘मैं चिंतित हूं, मुझे दुख होता है कि मेरी पत्नी ने एक बार मुझसे ऐसा कहा।’ मेरे लिए यह एक बहुत ही निर्दोष जवाब था।”
हिरानी ने कहा, “शायद उन्होंने अपनी पारिवारिक बातचीत जनता से साझा की है और मेरे लिए इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन इसके उलट लोग इसे लेकर उन पर हमला कर रहे हैं। मुझे इसमें अहिष्णुता दिखती है।”
हिरानी ने कहा कि लोगों को सहिष्णु बनने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, “हमें सकारात्मक चीजें लेने और उन पर बातचीत करने की जरूरत है। हमें सावधान रहने की जरूरत है।”
आमिर के विवादास्पद बयान के बाद कई नकारात्मक टिप्पणियां सामने आईं हैं।
इस पर हिरानी ने कहा, “ये सारी घटनाएं इसलिए हुईं, क्योंकि वह मुस्लिम हैं। यह विचार हमारे दिमाग में कभी नहीं आया। मैं हर बार आमिर के घर में दिवाली मनाता हूं। आज मैं जावेद साहब के साथ हूं, लेकिन हिंदू मुस्लिम की बात कभी मेरे मन में नहीं आई।”
हिरानी ने आमिर के साथ ‘थ्री ईडियट्स’ और ‘पीके’ जैसी दो हिट फिल्में दी हैं।
dharmpath.com dharmpath