नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। ऑनलाइन मार्केटप्लेस स्नैपडील ने बुधवार को बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के ‘भारत में बढ़ती असहिष्णुता’ के बयान से खुद को अलग कर लिया।
खान स्नैपडील के ब्रांड एंबेसडर हैं।
कंपनी ने अपने एक बयान में कहा, “आमिर खान ने व्यक्तिगत स्तर पर जो बयान दिया है, उसमें स्नैपडील ने न तो कोई भूमिका निभाई है और न ही उससे कंपनी का कोई संबंध है।”
एक अन्य ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन बंसल ने कहा, “यह तर्क गलत है। कंपनी ब्रांड एंबेसडर की हर राय के लिए जिम्मेदार नहीं होती। स्नैपडील पर इसके लिए सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए।”
आमिर के बयान के बाद स्नैपडील के एप के उपयोग में आई कमी के बाद कंपनी ने यह बयान जारी किया है।
आमिर ने एक कार्यक्रम में कहा था, “मैं कहना चाहूंगा कि गत छह से आठ महीनों में मायूसी बढ़ रही है। किरण (पत्नी किरण राव) और मैं हमेशा भारत में रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “जब मैं घर में बैठकर किरण से बात करता हूं, तो पहली बार उसने पूछा, ‘क्या हमें भारत से बाहर चले जाना चाहिए?’ उन्होंने बड़ी बात मुझसे कह दी, जिसपर मुझे बेहद आश्चर्य हुआ।”
बुधवार को आमिर ने कहा कि वह और उनकी पत्नी भारत से प्यार करते हैं और देश को नहीं छोड़ने जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath