मुंबई, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। अभिनेता आमिर खान अपनी आगामी फिल्म ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ के प्रचार के सिलसिले में गुजरात के शहर वडोदरा पहुंचे हैं। अभिनेता ने सोमवार को यहां गुजराती व्यंजनों का स्वाद चखा।
आमिर आजकल अपने खाने-पीने पर खूब ध्यान दे रहे हैं, लेकिन गुजरात में वे खुद को गुजराती खाने से वंचित नहीं रख पाए और एक दिन के लिए अपनी डाइटिंग को परे रखते हुए गुजराती खाने का स्वाद चखा।
गुजराती थाली चखने के लिए आमिर वडोदरा के मंडप होटल पहुंचे, जहां उनके सामने गुजरात के पारंपरिक व्यंजनों से भरी थाली को परोसा गया। आमिर ने एक-एक कर थाली में मौजूद हर व्यंजन का लुत्फ उठाया।
लौकी की सब्जी, गुजराती दाल और बाजरा नु रोटलो को आमिर ने बहुत पसंद किया। आमिर को यह गुजराती भोजन इस कदर पसंद आया कि उन्होंने होटल के महाराज को अपने पास बुलाया और उनके साथ एक तस्वीर भी खिंचवाई।
आमिर ने कहा, “यह अब तक का सबसे सर्वोत्तम खाना है, जो मैंने खाया है।”
गुजराती व्यंजन आमिर को इतना पसंद आया कि उन्होंने दो टिफिन भी पैक करवाए, ताकि वे घर जा कर अपनी पत्नी किरण और बच्चों के साथ भी इस स्वादिष्ट भोजन का आनंद उठा सकें।
dharmpath.com dharmpath