नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। सरकार 2016-17 के लिए आम बजट 29 फरवरी को पेश करेगी और अगले तीन साल के लिए कार्ययोजना पेश करेगी। यह बात गुरुवार को वित्त राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने कही।
सिन्हा ने यहां भारत-कोरिया व्यापार सम्मेलन में कहा, “हम बजट पर काफी मेहनत कर रहे हैं, जिसे 29 फरवरी को पेश किया जाएगा, जिसमें दो या तीन साल की कार्ययोजना भी पेश की जाएगी।”
उन्होंने कहा, “हमने स्पष्ट आर्थिक नीति का पालन किया है। हमने आर्थिक सिद्धांत अच्छी तरह तय कर लिए हैं और हमें पूरा विश्वास है कि हम लंबे समय के लिए उच्च विकास दर हासिल करेंगे।”
सिन्हा ने साथ ही कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीबी उन्मूलन है।
उन्होंने कहा, “हम गरीब हितैषी सरकार हैं, लेकिन चूंकि हम गरीब हितैषी हैं, इसलिए हम बाजार हितैषी भी हैं। यदि प्रतियोगिता और बाजार तथा कंपनियां नहीं फले-फूलेंगी, तो कर आय कैसे होगी, जिससे गरीबी दूर होगी।”
dharmpath.com dharmpath