अरुण कुमार
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 5 फरवरी (आईएएनएस)। अपने रिपबिल्कन प्रतिद्वंद्वी टेड क्रूज पर आयोवा कॉकस में जालसाजी का आरोप लगाकर दोबारा चुनाव कराने की बात करने वाले रिपबिल्कन नेता डोनाल्ड ट्रंप के सुर बदल गए हैं। उनका कहना है कि जो हुआ सो हुआ। अब समय न्यू हैंपशायर प्राइमरी पर ध्यान देने का है।
मैनचेस्टर में गुरुवार को ट्रंप ने सीएनएन से कहा, “मैं अब इसमें इतना समा गया हूं, न्यू हैंपशायर में, कि अब मैं उन बातों के बारे में कोई परवाह नहीं करना चाहता। यह वह जगह (न्यू हैंपशायर) है जिस पर मेरा ध्यान केंद्रित है।”
न्यू हैंपशायर में 9 फरवरी को प्राइमरी (प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया) होना है।
एक ही दिन पहले अरबपति कारोबारी और रिपब्लिकन पार्टी में राष्ट्रपति पद के दावेदार ट्रंप ने ट्वीट की झड़ी लगाकर टेड क्रूज पर आयोवा कॉकस को जालसाजी से जीतने का आरोप लगाया था।
क्रूज के चुनाव प्रबंधकों ने सीएनएन की इस रपट का भरपूर इस्तेमाल प्रचार में किया कि राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी और न्यूरोसर्जन बेन कार्सन आयोवा कॉकस के बाद ‘कपड़े बदलने घर जाएंगे’। जिस बात को क्रूज के चुनाव प्रचारक हड़प गए वह यह थी कि कार्सन अभी भी चुनावी दौड़ में हैं। उन्होंने केवल घर लौटने की बात का जिक्र किया। इसके लिए क्रूज ने कार्सन से माफी भी मांगी है।
ट्रंप ने सीएनएन से कहा कि आयोवा में कुछ ‘चकित करने वाली घटनाएं’ हुईं। उन्होंने कहा कि क्रूज की रणनीति से कार्सन के बजाए उन्हें अधिक नुकसान हुआ।
ट्रंप ने कहा, “मैं बेन कार्सन को काफी पसंद करता हूं। उनके साथ अच्छा नहीं हुआ। लेकिन, साफ कहूं तो इससे बेन से अधिक मुझे नुकसान पहुंचा। लेकिन, मैं अब इस सबकी परवाह नहीं करता।”
उधर, न्यूयार्क टाइम्स का कहना है कि आयोवा कॉकस में खराब प्रदर्शन के बाद न्यू जर्सी के गवर्नर क्रिस क्रिस्टी और फ्लोरिडा के पूर्व गवर्नर जेब बुश ने मार्को रुबियो के खिलाफ हाथ मिला लिया है। रुबियो को आयोवा रिपब्लिकन कॉकस में तीसरा स्थान मिला था और वह तेजी से उभरकर सामने आए हैं।
अखबार ने रिपब्लिकन सूत्रों के हवाले से कहा है कि क्रिस्टी और बुश, रुबियो की तगड़ी दावेदारी से चिंतित हैं। दोनों ही अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए पर्दे के पीछे से रुबियो के खिलाफ मिलकर काम करने पर राजी हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath