नगौर (राजस्थान), 13 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपनी पोशाक में बदलाव करने का फैसला किया है। खाकी निकर पहनने वाले आरएसएस कार्यकर्ता अब भूरे रंग की पैंट पहने नजर आएंगे।
आरएसएस नेता भैयाजी जोशी ने यहां रविवार को बताया, “हमने स्वयंसेवकों की पोशाक बदलने का फैसला किया है। हमने खाकी निकर की जगह भूरे रंग की पैंट को आरएसएस की पोशाक में शामिल करने का फैसला किया है।”
कई लोगों ने इसे युवाओं को आरएसएस की ओर आकर्षित करने का प्रयास बताया है।
जोशी ने कहा, “इसमें चार-छह महीने का समय लग सकता है क्योंकि पोशाक बदलने का संदेश देश के कम से कम 50,000 गांवों, कस्बों और शहरों तक पहुंचाना है।”
जोशी ने कहा कि भूरे रंग के चुनाव का कोई खास कारण नहीं है। इस रंग का चुनाव इसलिए किया गया क्योंकि यह आसानी से मिल जाता है और आकर्षक लगता है।
जोशी ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि पैंट के कारण स्वयंसेवकों को व्यायाम या अभ्यास में कोई परेशानी होगी।
आरएसएस नेता ने कहा, “क्रिकेट और जूडो कराटे खिलाड़ी और योग करने वाले भी ट्रैक सूट और पैंट पहनते हैं। इसलिए यह कहना गलत है कि पैंट पहनने से स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण या व्यायाम प्रभावित होगा।”
dharmpath.com dharmpath