आर्थिक मदद देने में भेदभाव न करें अखिलेश : भाजपा

आगरा, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा है कि राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सहायता राशि देने में भेदभाव नहीं करना चाहिए। उन्होंने दादरी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

आगरा में सोमवार को एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे वाजपेयी ने कहा कि किसी भी पीड़ित को आर्थिक मदद देने में भेदभाव नहीं करना चाहिए।

उन्होंने दादरी हत्याकांड में पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से 45 लाख रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस तरह की सहायता देते समय विवेक से काम लेना चाहिए और बरेली में गोकशी करने वालों को पकड़ने के दौरान शहीद हुए लखीमपुर के एक दारोगा को भी मदद देने के बारे में सोचना चाहिए।

वाजपेयी ने कहा, “दरोगा का परिवार भी बहुत गरीब है। अभी तक मुख्यमंत्री ने इस परिवार की मदद क्यों नहीं की? यह विचारणीय है। मदद देने के मामले में सूबे के मुखिया को धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर सोचना चाहिए।”

दादरी हत्याकांड पर उन्होंने कहा कि इस घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। किसी के जख्मों को कुरेदने से किसी को लाभ नहीं मिलेगा। कानून को अपना काम करने देना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ में अपने आवास पर मृतक अखलाक के परिजनों से मुलाकात की थी। उन्होंने पीड़ित परिजनों को 45 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की थी। एक दिन पहले ही सरकार ने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये की बजाय 20 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493