आर्थिक रूप से पिछड़े पूर्वी राज्यों पर केंद्रित सरकार : मोदी (लीड-1)

भुवनेश्वर, 2 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार आर्थिक रूप से पिछड़े पूर्वी राज्यों में गरीबी को जड़ से उखाड़ फेंकने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

ओडिशा के बालासोर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, “हम देश के किसी भी राज्य और क्षेत्र को विकास एवं बदलाव से दूर नहीं रखना चाहते। देश के पश्चिमी हिस्सों में आर्थिक विकास हुआ है, लेकिन बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा जैसे राज्यों में विकास क्यों नहीं हुआ।”

उन्होंने महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हरियाणा को बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और ओडिशा से ‘अधिक विकसित’ राज्य बताया।

मोदी ने कहा कि ओडिशा सहित पूर्वी राज्य प्राकृतिक संसाधनों से संपन्न हैं। यहां के लोग रोजगार की तलाश में पश्चिमी राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं।

मोदी ने कहा, “राज्य में पर्याप्त प्राकृतिक संसाधन हैं, इसके बावजूद हम गरीब हैं। पूर्वी राज्यों को अधिक विकास की जरूरत है। इसलिए हमारी सभी विकास योजनाओं में ओडिशा सहित पूर्वी राज्यों पर जोर दिया गया है।”

मोदी ने अपने संबोधन में गरीबी हटाने में असफल रहने पर पिछली सरकारों पर तंज भी कसा।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की नीतियां ‘भारत के गरीब की रोजमर्रा की समस्याओं से संबंधित’ हैं।

मोदी ने कहा, “पिछली सरकार ने ‘गरीबी हटाओ’ के नारे लगाए। उनकी मंशा संभवत: ठीक हो सकती है, इसमें मुझे संदेह नहीं है लेकिन उनका रास्ता गलत था। इस वजह से गरीबी बढ़ी।”

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें सोचती थी कि वे देश को चला रही हैं लेकिन हमारी सरकार में लोगों की भागीदारी के साथ सुशासन देने की कोशिश हो रही है।

मोदी ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि वह यहां अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के मौके पर उपलब्धियां गिनाने आए हैं। “क्या पिछले वर्षो में कोई सरकार अपना काम बताने यहां आई? मैं यहां आया हूं।”

उन्होंने कहा कि प्रसव के समय जच्चा-बच्चा की मृत्यु चिंताजनक है। इस समस्या से निपटने के लिए सरकार ने कई योजनाएं पेश की हैं। देशभर में नवजात के टीकाकरण के लिए इंद्रधनुष योजना लागू की गई है।

उन्होंने बेटी बचाओ आंदोलन के बारे में कहा, “लैंगिक समानता को लेकर लोगों की मानसिकता को बदलना बहुत जरूरी है। हम अब भी बेटे और बेटी के बीच मतभेद करते हैं। हम 21वीं सदी में रह रहे हैं लेकिन कई बार हमारी मानसिकता 18वीं सदी की होती है।”

उन्होंने गरीबों को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत देश के 25 करोड़ परिवारों में से 3,500 करोड़ परिवारों को कारोबार शुरू कराने के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। सरकार 1,000 दिनों के भीतर प्रत्येक परिवार गांव में बिजली पहुंचाने को लेकर प्रतिबद्ध है।

वह कहते हैं, “हमारा उद्देश्य देश में 1,000 दिनों के भीतर 18,000 गावों में बिजली पहुंचाना है। 300 दिनों के भीतर 7,000 गांवों में बिजली पहुंचाई गई और हमारा प्रयास बाकी के गांवों में भी बिजली पहुंचाना है।”

ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजेडी) सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार गहरी नींद में है।

मोदी ने कहा, “हम जहां कहीं भी सत्ता में हैं, वहां विकास हुआ है। हम ओडिशा में सत्ता में नहीं हैं और आप यहां के लोगों की दशा देख सकते हैं। भाजपा विकास के लिए समर्पित है। भाजपा विकास का पर्याय बन चुकी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493