आव्रजन अधिकारी को यौन उत्पीड़न मामले में जमानत (लीड-1)

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पिछले दिनों एक महिला यात्री का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक आव्रजन अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद हालांकि वह जमानत पर रिहा हो गया।

पुलिस ने गुरुवार को अधिकारी की गिरफ्तारी की जानकारी दी।

आव्रजन अधिकारी विनोद कुमार को बुधवार को गिरफ्तार करने के कुछ घंटों बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया। बेंगलुरू में महिला का बयान दर्ज करने के एक सप्ताह बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

आरोप है कि आव्रजन अधिकारी विनोद कुमार ने 18 मार्च को दिल्ली से हांगकांग के लिए विमान पकड़ने आई बेंगलुरू की महिला यात्री से ‘बेहद भद्दे व असहज कर देने वाले सवाल’ पूछकर उनका यौन उत्पीड़न किया।

पुलिस ने कहा कि विनोद को महिला की शालीनता भंग करने के इरादे से अश्लील हरकत करने के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस उपायुक्त (आईजीआई हवाईअड्डा) एम.आई. हैदर ने आईएएनएस से कहा, “आव्रजन अधिकारी को कल (बुधवार) गिरफ्तार किया गया, चूंकि उस पर लगाई गई धाराएं जमानती थीं, इसीलिए कुछ ही घंटे बाद वह जमानत पर रिहा हो गया।”

महिला ने दावा किया था कि हांगकांग के लिए विमान पकड़ने के पहले आव्रजन काउंटर पर विनोद ने उनसे भद्दे व बेहद निजी सवाल पूछकर उनका उत्पीड़न किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद उनका पीछे करते हुए वह एस्कलेटर (स्वचालित सीढ़ी) तक आ गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493