नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली डेयरडेविल्स टीम के सहायक कोच प्रवीण आमरे ने शुक्रवार को अपनी टीम के लिए मैच जिताउ पारी खेलने वाली सलामी बल्लेबाज श्रेयष अय्यर की तारीफ की। आमरे ने कहा कि वह इस बात को लेकर आश्वस्त थे कि अय्यर सफलतापूर्वक पारी की शुरुआत कर सकेंगे।
फिरोजशाह कोटला मैदान पर गुरुवार को मुम्बई इंडियंस के साथ खेले गए आईपीएल मैच में 20 साल के अय्यर ने 56 गेंदो ंपर 83 रनों की अहम पारी खेली। उनकी इस पारी की मदद से दिल्ली ने 190 रन बनाए और फिर मुम्बई को 37 रनों से हराया। यह इस मैदान पर दिल्ली की नौ हार के बाद पहली जीत है।
आमरे ने कहा, “मैं दिल से चाहता था कि अय्यर अच्छा प्रदर्शन करें क्योंकि उन्होंने कभी पारी नहीं शुरू की थी। मैंने अपने मुख्य कोच को इस बात के लिए तैयार किया था और इसी कारण मैं चाहता था कि वह सफल हों। मैं जानता था कि वह टी-20 में एक सफल ओपनर साबित होंगे।”
आमरे 13 साल की उम्र से ही अय्यर को निखार रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath