नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने, राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को आयोजित आम आदमी पार्टी (आप) की रैली में किसान द्वारा की गई खुदकुशी मामले की दिल्ली सरकार द्वारा न्यायिक जांच कराने के आदेश दिए जाने पर शुक्रवार को सवाल उठाया।
पुलिस प्रवक्ता राजन भगत ने मीडिया को बताया, “हम शहर में अप्राकृतिक मौत के सभी मामलों में तहकीकात करते हैं और अपने खर्च पर उपेक्षित तथा लावारिश शवों का अंतिम संस्कार भी करते हैं।”
उन्होंने कहा कि राज्य में हर साल 7,000 अप्राकृतिक मौतें होती हैं और दिल्ली सरकार ने कभी भी इन मामलों की न्यायिक जांच के आदेश नहीं दिए।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान के किसान गजेंद्र सिंह ने बुधवार को दिल्ली में आप की रैली के दौरान पेड़ से फंदा लगा कर जान दे दी थी।
दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है और इसलिए उसने दंडाधिकारी को जांच रपट सौंपने से इंकार कर दिया है।
यह पूछे जाने पर कि क्या दिल्ली पुलिस जिला दंडाधिकारी को कोई रपट सौंपेगी, भगत ने कहा कि यह संवेदनशील मामला है और यह मामला दिल्ली पुलिस तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के बीच का है, जिसे मीडिया को नहीं बताया जा सकता।
दंडाधिकारी ने पुलिस से कहा है कि शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे तक इस घटना से संबंधित सभी दस्तावेज और सबूत पेश किया जाए, और यदि ऐसा नहीं किया गया तो मामला न्यायालय में ले जाया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath