गुजरात, 27 जुलाई (आईएएनएस)। ऑनलाइन रिक्रूटमेंट मार्केटप्लेस आसानजॉब्स ने अहमदाबाद में अपने परिचालन की शुरुआत की है। कंपनी ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि यह कदम रणनीतिक विस्तार योजना के तहत उठाया गया है।
कंपनी ने बताया कि उसके प्लेटफार्म पर बर्गर किंग, आईआईएफएल, रिलायंस की कंपनियां, रेलिगेयर और टाटा एआईए जैसी शीर्ष कंपनियां जुड़ चुकी है।
आसानजॉब्स के सहसंस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश गोयल ने कहा, “गुजरात हमारे लिए एक रणनीतिक बाजार है। राज्य में कुशल लोगों की भरपूर संपदा है और हमारी कोशिश हर योग्य उम्मीदवार को उसके लायक रोजगार उपलब्ध कराने की है। अब तक हमें नौकरियों के 3,500 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आगे हम ज्यादा से ज्यादा शहरों में अपने केंद्र शुरू करने की सोच रहे हैं।”
उन्होंने बताया, “आसानजॉब्स ने हाल ही में नोएडा स्थित भर्ती प्लेटफार्म एमहायर को खरीदा है, जिससे उत्तरी हिस्से में हमारी मौजूदगी मजबूत होगी। इसके साथ ही एमहायर से जुड़े भागीदार और ग्राहक भी हमें मिले हैं।”
आसानजॉब्स डॉट कॉम एक ऑनलाइन एचआर मार्केटप्लेस है, जो नियोक्ताओं, कंसल्टेंट और विभिन्न स्तरों पर नौकरी तलाश रहे लोगों को जोड़ता है।
dharmpath.com dharmpath