नई दिल्ली, 8 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को आसिफ कालिया गिरोह के पांच सदस्यों की गिरफ्तारी के साथ राष्ट्रीय राजधानी में डकैती और जबरन वसूली के कई मामले हल करने का दावा किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान त्रिलोकपुरी के रहने वाले आसिफ, तारिक सलमानी, हिमांशु, सुमित और पूर्वी विनोद नगर के पंकज रावत के रूप में की है।
साथ ही उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों पर डकैती और जबरन वसूली सहित पूर्वी दिल्ली में हत्या के प्रयास के 30 से अधिक मामले दर्ज हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि आसिफ की कई महिलामित्र हैं, जिसके साथ उसने पसौंदा, चिल्ला, न्यू अशोक नगर और त्रिलोकपुरी सही कई जगहों पर रातें बिताई थीं। जांच अधिकारी आसिफ और उसके गिरोह के सदस्यों का पता लगाने के लिए उसकी प्रेमिकाओं के पीछे लगे हुए थे।
पुलिस उपायुक्त ओमवीर सिंह ने बताया, “पुलिस को खास सूचना मिली थी, जिसके आधार पर मंगलवार की रात अपने एक दोस्त से मिलने पांडव नगर आए आसिफ, हिमांशु और तारिक को उनकी मोटरसाइकिल रोककर गिरफ्तार कर लिया। आसिफ ने बचने के लिए पुलिस दल पर पिस्तौल भी तान दी थी। बाद में, सूचना मिलने पर सुमित और पंकज रावत को भी गिरफ्तार कर लिया गया।”
सिंह ने कहा, “गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने पुलिस पर नजर रखने के लिए पूर्वी दिल्ली के युवा अपराधियों को भी भर्ती किया था।”
सिंह ने कहा, “गिरोह ने पिछले साल 19 अक्टूबर को पांडव नगर के राजहंस तेल कंपनी के सेल्समैन संजय शर्मा से बंदूक दिखाकर 4.5 लाख रुपये लूट लिए थे।”
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया, “पूछताछ करने पर आसिफ ने बताया कि उसने पिछले साल जमानत पर छूटने के बाद भी कई अपराध किए। लोगों में दहशत पैदा करने के लिए उसने त्रिलोकपुरी इलाके में कई मौकों पर खुलेआम गोलीबारी भी की। वह जब भी त्रिलोकपुरी के आस-पास घुमा करता था तो पुलिस से बचने के लिए मास्क पहनता था और उसने अलग शैली में बाल भी कटवा रखे थे।”
आसानी से पैसा कमाने के लिए वह लोगों को लूटता था और लूटे हुए पैसे अपनी प्रेमिकाओं पर खर्च करता था। पुलिस ने कहा कि लूट के पैसे से वह अपनी प्रेमिकाओं के साथ गोवा और अन्य पर्यटन स्थलों की यात्रा करता था।
dharmpath.com dharmpath