आसियान ने 2025 विकास लक्ष्य के घोषणापत्र को मंजूरी दी

कुआलालम्पुर, 22 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) ने रविवार को 2025 तक की विकास योजना पर एक घोषणापत्र को मंजूरी दे दी।

‘कुआलालम्पुर डिक्लेरेशन ऑन आसियान 2025 : फोर्जिग अहेद टुगेदर’ शीर्षक वाला घोषणापत्र सम्मेलन का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। सम्मेलन में 10 आसियान देशों और उसके वार्ता साझेदारों -चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, भारत, न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया, अमेरिका तथा रूस- ने हिस्सा लिया।

आसियान नेताओं ने आसियान समुदाय की औपचारिक स्थापना का स्वागत किया और इस बात पर सहमति जताई कि यह घोषणापत्र और सामुदायिक दृष्टिकोण 2025 -आसियान राजनीतिक-सुरक्षा समुदाय ब्लूप्रिंट-2025, आसियान आर्थिक समुदाय ब्लूप्रिंट-2025 और आसियान सामाजिक-सांस्कृतिक समुदाय ब्लूप्रिंट-2025- ‘आसियान 2025 : फोर्जिग अहेद टूगेदर’ का निर्माण करते हैं।

नेताओं ने फैसला किया कि सदस्य देश आसियान घोषणापत्र के उद्देश्यों और सिद्धांतों के तहत समयबद्ध और प्रभावी ढंग से आसियान-2025 : फोर्जिग अहेद टूगेदर का कार्यान्वयन करेंगे।

घोषणापत्र में कहा गया है कि आसियान के मंत्रियों और महासचिवों तथा अन्य अंगों को इसके कार्यान्वयन के लिए कोष जुटाने की जिम्मेदारी दी जाती है।

घोषणापत्र में कहा गया है कि आसियान के महासचिव इसके कार्यान्वयन पर नजर रखेंगे और इससे आसियान सालाना शिखर सम्मेलन को अवगत कराएंगे।

आसियान की स्थापना 1967 में की गई थी। ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम इसके सदस्य हैं।

सम्मेलन में 31 दिसंबर को आसियान समुदाय की स्थापना करने के फैसले की सराहना की गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493