आस्ट्रेलियन ओपन : क्वार्टर फाइनल में पहुंची सिमोना हालेप

मेलबर्न, 22 जनवरी (आईएएनएस)। रोमानिया की स्टार टेनिस खिलाड़ी सिमोना हालेप ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए साल के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ल्ड नम्बर-1 हालेप ने पिछले तीन साल में पहली बार इस टूर्नामेंट के अंतिम-8 में प्रवेश किया है।

महिला एकल वर्ग के चौथे दौर में सोमवार को हालेप ने जापान की नाओमी ओसाका को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से मात दी।

ऐसा लग रहा है कि हालेप के टखने में लगी चोट सही हो गई है। उन्हें आस्ट्रेलियन ओपन के पहले दौर में टखने की चोट में दर्द की शिकायत हुई थी। उन्होंने ओसाका को एक घंटे 19 मिनट के भीतर मात दी।

हालेप ने कहा, “मैंने काफी अच्छा खेला और मैं इस बात से खुश हूं कि मैं क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हूं। इस टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले अपनी चोट के कारण मैंने यहां तक पहुंचने की उम्मीद नहीं की थी।”

उन्होंने कहा, “यह टूर्नामेंट मेरे लिए एक मैराथन में तब्दील हो गया है, लेकिन खुशी की बात यह है कि मैं अब भी इसमें बनीं हुई हूं।”

सेमीफाइनल में प्रवेश के लिए हालेप को बारबोरा स्ट्रेकोवा या चेक गणराज्य की कैरोलीना प्लिस्कोवा में से किसी एक खिलाड़ी से होने वाले मुकाबले में जीत हासिल करनी होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493