आस्ट्रेलियन ओपन : क्वितोवा को हरा ओसाका ने जीता अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम (लीड-1)

मेलबर्न, 26 जनवरी (आईएएनएस)। वर्ल्ड नंबर-4 जापान की नाओमी ओसाका ने शनिवार को चेक गणराज्य की पेट्रा क्वितोवा को मात देकर साल के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन के महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया।

ओसाका ने क्वितोवा को 7-6, 5-7, 6-4 से मात देते हुए पहली बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीता।

ओसाका चौथी बार इस टूर्नामेंट में शिरकत कर रही थीं और इस साल उन्होंने पहली बार फाइनल में प्रवेश किया। यह उनका दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। पिछले साल उन्होंने अमेरिकी ओपन का खिताब अपने नाम किया था।

वर्ल्ड नंबर-8 क्वितोवा ने हालांकि ओसाका को अच्छी टक्कर दी। पहले सेट में स्कोर 2-2, 3-3, 4-4 रहा। यहां ओसाका ने एक सेट और जीत स्कोर 5-4 कर दिया, लेकिन क्वितोवा ने फिर बराबरी की। ओसाका हालांकि टाई ब्रेकर में सेट जीत ले गईं।

दूसरे सेट में क्वितोवा ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले दो गेम अपने नाम किया। 21 साल की जापानी खिलाड़ी ने पहले बराबरी की और फिर 4-2 से आगे हो गईं। यहां ओसाका ने कुछ गलतियां कीं और घबराहट में अंक गंवाए। वहीं 28 साल की क्वितोवा इस दौरान शांत थीं और उन्होंने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए दूसरा सेट जीत मैच को तीसरे सेट में पहुंचा दिया।

तीसरे सेट में ओसाका ने पहला सेट गंवाने के बाद 3-1 की बढ़त ली और अपनी बढ़त को बनाए रखते हुए सेट के साथ मैच भी अपने नाम किया।

यह ओसाका का लगातार दूसरा ग्रैंड स्लैम भी है। उन्होंने बीते साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम और इस साल के पहले ग्रैंड स्लैम पर कब्जा किया है। इस खिताबी जीत के बाद ओसाका सोमवार को जारी होने वाले महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) में वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी बन जाएंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493