मेलबर्न, 18 जनवरी (आईएएनएस)। चीन की डुआन यिंगयिंग ने साल के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन में बुधवार को उजबेकिस्तान की वावरा लेपचेंको को दूसरे दौर में मात देकर तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।
तीसरे दौर में उनका सामना अब पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी दिग्गज वीनस विलियम्स से होगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, डुआन ने लेपचेंको को 6-1, 3-6, 10-8 से मात देते हुए तीसरे दौर में प्रवेश किया।
तीसरे दौर में भिड़ने से पहले वीनस और डुआन ने माना की वह एक-दूसरे की खेल शैली से परिचित नहीं हैं।
डुआन ने अपने अनुवादक की मदद से संवाददाताओं को बताया, “मैं वीनस के खिलाफ पहले नहीं खेली हूं, इसलिए मुझे नहीं लगता कि मुझ पर कोई दवाब है। मैं अपना स्वाभाविक खेल खेलूंगी और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगी।”
उन्होंने कहा, “मैं ज्यादा टेनिस नहीं देखती हूं। मेरे कोच मुझे बताएंगे की कोर्ट पर क्या करना है और क्या नहीं।”
वीनस ने स्विट्जरलैंड की स्टेफानी वोएगले को बुधवार को सेंटर कोर्ट पर हुए मुकाबले में 6-3, 6-2 से मात दी। कोहनी में चोट के बाद वापसी करते हुए वह बेहद खुश दिखीं। इसी चोट के कारण वह आस्ट्रेलियन ओपन के अभ्यास मैच में हिस्सा नहीं ले पाई थीं।
उन्होंने कहा, “मैं फिजियो के पास गई थी। वह अच्छा काम कर रहे हैं।”
वीनस भी डुआन के बारे में नहीं जानती हैं। उन्होंने कहा, “मैं उनके बारे में कुछ भी नहीं जानती, मैंने उनको खेलते हुए नहीं देखा है।”
dharmpath.com dharmpath