‘होटल मुंबई’ की शूटिंग के लिए भारत पहुंचे देव पटेल

मुंबई, 18 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय मूल के ब्रिटिश अभिनेता देव पटेल अपनी अगली फिल्म ‘होटल मुंबई’ के सिलसिले में भारत आए हुए हैं। फिल्म 26/11 हमलों पर आधारित है। पटेल की हालिया रिलीज फिल्म ‘लायन’ ने अच्छा प्रदर्शन किया है।

एक सूत्र के मुताबिक, अभिनेता 26 नवंबर, 2008 को मुंबई के ताज महल पैलेस एंड टावर होटल पर हुए हमले पर आधारित फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन ऑस्ट्रेलियाई निर्देशक एंथनी मरास कर रहे हैं।

सूत्र ने बताया, “वह फिलहाल शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन वह ऑस्कर नामांकन के सिलसिले में 23 जनवरी को लॉस एंजेलिस वापस चले जाएंगे।”

इससे पहले आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में ‘होटल मुंबई’ के बारे में बात करते हुए देव ने कहा, “जब मैंने ताज पर स्टोरी करने का फैसला किया तो हम अतीत में गए और जाना कि आतंकवादी हमले के दौरान किस तरह स्टाफ के कुछ लोगों ने अपने मेहमानों को बचाने के लिए अतिरिक्त प्रयास किया।”

यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि 24 फरवरी को भारत में रिलीज होने वाली फिल्म ‘लायन’ के प्रचार में वह हिस्सा लेंगे या नहीं।

फिल्म ‘लायन’ गोल्डन ग्लोब्स अवार्ड में भी बेस्ट मोशन पिक्चर-ड्रामा, मोशन पिक्चर में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और मोशन पिक्चर में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री जैसे तीन श्रेणियों में नामांकित हुई थी।

गार्थ डेविस निर्देशित ‘लायन’ में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, प्रियंका बोस, दीप्ति नवल, तनिष्ठा चटर्जी जैसे भारतीय कलाकारों के अलावा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मशहूर निकोल किडमैन, रूनी मारा जैसे कलाकार भी हैं। फिल्म में भारतीय बाल कलाकार सनी पवार भी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493