मेलबर्न, 23 जनवरी (आईएएनएस)। वर्ल्ड नंबर-1 सर्बिया को नोवाक जोकोविक ने अपने सातवें आस्ट्रेलियन ओपन खिताब की ओर एक और कदम बढ़ा दिया है। वह बुधवार को साल के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुके हैं।
उन्हें यह प्रवेश हालांकि अपने प्रतिद्वंद्वी जापान के केई निशिकोरी के चोटिल होने के बाद मिला है।
निशिकोरी जब रिटायर्ड हर्ट हुए तब वह 1-6, 1-4 से पीछे थे। जोकोविक जिस अंदाज में खेल रहे थे उससे उनका सेमीफाइनल में जाना तय लग रहा था।
निशिकोरी के जांघ में चोट लगी थी और इसी कारण वह ज्यादा देर कोर्ट पर टिक नहीं सके और मैच को बीच में ही छोड़ गए।
जोकोविक ने आखिरी बार 2016 में आस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया था। सेमीफाइनल में उनके सामने फ्रांस के लुकास पाउइले की चुनौती होगी जिन्होंने कनाडा के मिलोस राओनिक को मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।
dharmpath.com dharmpath