मेलबर्न, 23 जनवरी (आईएएनएस)। वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन के छठे दिन शनिवार को पुरुष एकल वर्ग में डेविड फेरर, एंडी मरे और स्टानिस्लास वावरिका सहित लगभग सभी वरीय खिलाड़ियों ने बिना किसी बाधा के अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
चौथी विश्व वरीय प्राप्त वावारिंका ने चेक गणराज्य के लुकास रसोल को सीधे सेटो में 6-2, 6-3, 7-6 से मात देकर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले दो सेट आसानी के जीतने के बाद वावारिंका को तीसरा सेट जीतने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
वहीं दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त मरे ने कड़े मुकाबले में पुर्तगाल के जाओ सुसा को 6-2, 3-6, 6-2, 6-2 से हराया।
पहला सेट हारने के बाद सुसा ने वापसी करते हुए दूसरा सेट जीत लिया, लेकिन मरे ने अनुभव का फायदा उठाते हुए अगले दोनों सेट जीत मैच पर अंतत: कब्जा कर लिया।
आठवीं विश्व वरीयता प्राप्त स्पेन के फेरर ने भी चौथे दौर में जगह बना ली। उन्होंने अमेरिका के स्टीव जॉनसन को सीधे सेटो में 6-1, 6-4, 6-4 से मात दी।
तीसरे दौर के अन्य मुकाबलों में 16वीं विश्व वरीयता प्राप्त आस्ट्रेलिया के बर्नार्ड टॉमिक, 13वीं विश्व वरीयता प्राप्त कनाडा के मिलॉस राओनिक, 10वीं विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिका के जॉन इज्नेर, और फ्रांस के गेल मोनफिल्स ने भी अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
dharmpath.com dharmpath