नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने आस्ट्रेलियाई टीम के साथ मित्रता पर की गई टिप्पणी पर ट्वीट कर स्पष्टीकरण पेश किया है।
वेबसाइट ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, धर्मशाला में खेले गए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के अंतिम मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में विराट ने कहा था कि इस श्रृंखला के बाद उनकी आस्ट्रेलिया टीम के खिलाड़ियों के साथ दोस्ती में अब नहीं सुलझने वाली गांठ पड़ गई है।
कोहली ने इस बयान पर ट्वीट कर सफाई पेश की है। उन्होंने गुरुवार को एक ट्वीट कर कहा, “धर्मशाला में मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में दिए गए मेरे आधे जवाब गलत संदर्भ में लिए गए। मैंने यह बात पूरी आस्ट्रेलियाई टीम के लिए नहीं कही थी, लेकिन..”
कोहली ने अपने एक अन्य ट्वीट में कहा, “यह टीम के कुछ खिलाड़ियों के लिए थे। मेरी मित्रता आस्ट्रेलियाई टीम के कुछ खिलाड़ियों के साथ आगे भी बरकरार रहेगी। उनके साथ मैं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर टीम में खेलूंगा और इसमें बदलाव नहीं होगा।”
उल्लेखनीय है कि भारत और आस्ट्रेलिया के बीच खेली गई चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला रोमांच, संघर्ष के साथ-साथ कई विवादों और छींटाकशी के लिए भी चर्चा में रही और इसका असर दोनों टीमों के खिलाड़ियों के रिश्तों पर भी पड़ा।
इस साल पांच अप्रैल से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण में कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath