ब्रिस्बेन, 11 मई (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड में कथित तौर पर नौका पर सवार होकर इंडोनेशिया जाने और आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) में शामिल होने की योजना बना रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
‘एबीसी ऑस्ट्रेलिया’ की रपट के मुताबिक, पांच लोगों को मंगलवार को उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वे सुदूर उत्तरी क्वींसलैंड में केप यॉर्क की ओर नौका से जा रहे थे।
ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (एएफपी) के उपायुक्त नील गौघन ने कहा कि 21 से 33 साल उम्र के ये व्यक्ति अपना पासपोर्ट रद्द होने के बाद किसी भी तरह देश छोड़ने के फिराक में थे।
उन्होंने कहा, “वे मेलबर्न से दूर उत्तरी क्वींसलैंड तक पहुंच गए थे, यह बात साबित करती है कि वे देश छोड़ने के फिराक में थे।”
एएफपी ने आरोप लगाया है कि पांचों संदिग्धों ने क्वींसलैंड रवाना होने से पहले मेलबर्न में नौका खरीदी थी।
संघीय कानून के तहत, पुलिस को अगर संदेह हो कि कोई व्यक्ति सीरिया और इराक में आईएस के समर्थन में या उनके खिलाफ लड़ाई में शामिल होने जा रहा है, तो पुलिस को उसे रोकने का अधिकार है।
पांचों संदिग्धों के खिलाफ अभी कोई आरोप तय नहीं किया गया है।
dharmpath.com dharmpath