ब्रासीलिया, 11 मई (आईएएनएस)। ब्राजील की राष्ट्रपति डिल्मा रोसेफ के समर्थक उनके खिलाफ महाभियोग प्रक्रिया के विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं। उन्होंने संघीय जिले और कम से कम 13 राज्यों में सड़कों और सार्वजनिक परिवहन को अवरुद्ध किया।
रोसेफ के खिलाफ महाभियोग प्रक्रिया शुरू करने के लिए सीनेट में मतदान से एक दिन पहले उनके समर्थकों ने इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है।
प्रदर्शन का आयोजन 60 सामाजिक संगठनों वाले ‘ब्राजील पीपुल्स फ्रंट’ ने किया है।
आयोजकों ने कहा कि महाभियोग प्रक्रिया ‘ब्राजील और ब्राजील के लोगों के खिलाफ तख्तापलट है और यह ब्राजीलवासियों के मत के प्रति असम्मान का अभाव दर्शाती है।’
ब्राजील के ‘यूनिफाइड वर्कर्स सेंट्रल’ के अध्यक्ष वैगनर फ्रीतास ने कहा कि महाभियोग का मकसद श्रमिकों के ऐतिहासिक अधिकारों को छीनने के लिए उप राष्ट्रपति माइकल तेमेर के नेतृत्व में नई सरकार का गठन करना है।
सीनेट बुधवार को मतदान करके फैसला करेगी कि रोसेफ के खिलाफ महाभियोग प्रक्रिया शुरू की जाए या नहीं।
अगर यह प्रस्ताव पास हो जाता है, तो रोसेफ को अस्थायी तौर पर 180 दिनों तक के लिए पद से हटा दिया जाएगा और इस अवधि में उप राष्ट्रपति माइकल तेमेर अंतरिम राष्ट्रपति के तौर पर कार्यभार संभालेंगे।
dharmpath.com dharmpath