आस्ट्रेलिया एकदिवसीय टीम में वाटसन, लॉयन को नहीं मिली जगह

सिडनी, 4 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के साथ 12 जनवरी से शुरू हो रही पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृखंला के लिए 13 सदस्यीय आस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा कर दी गई है, जिसमें शेन वाटसन और नेथन लॉयन को जगह नहीं दी गई है।

पर्थ की तेज और उछालभरी पिचों को ध्यान में रखते हुए टीम में एकमात्र स्पिन गेंदबाज ग्लैन मैक्सवेल को शामिल किया गया है, जबकि दो नए तेज गेंदबाजों स्कॉट बोलैंड और जोएल पेरिस को बुलाया गया है।

टेस्ट मैचों में शानदार वापसी करने वाले बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और जोए बर्न्‍स को भी टीम में शामिल नहीं किया गया है।

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके शेन वाटसन को टीम से बाहर करने का कारण बिग बैश लीग (बीबीएल) में उनका खराब प्रदर्शन बताया जा रहा है।

आस्ट्रेलिया की टी-20 टीम के कप्तान एरॉन फिंच, जॉर्ज बैले और हालिया श्रृंखला में टेस्ट टीम से बाहर रखे गए शॉन मार्श को टीम में ऊपरी क्रम की जिम्मेदारी दी गई है।

स्टीव स्मिथ उप-कप्तान डेविड वार्नर के साथ टीम की कमान संभालेंगे।

टीम के राष्ट्रीय चयनकर्ता रॉड मार्श ने दो नए तेज गेंदबाजों को टीम में शामिल करने पर कहा, “स्कॉट ने घरेलू प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी तरफ खिंचा है।”

जोएल के बारे में उन्होंने कहा, “जोएल काफी शानदार गेंदबाज हैं, जो गेंद को अच्छी तरह स्विंग कराने की योग्यता रखते हैं।”

तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन टीम में वापसी करने में सफल रहे हैं। इससे पहले रिचर्डसन ने 2014 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कैनबरा में अपना आखिरी मैच खेला था।

आस्ट्रेलिया एकदिवसीय टीम : स्टीव स्मिथ (कप्तान), डेविड वार्नर, जॉर्ज बैले, स्कॉट बोलैंड, जोस हाजलेवुड, जेम्स फॉल्कनर, एरॉन फिंच, मिशेल मार्श, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, केन रिचर्डसन, जोएल पेरिस, मैथ्यू वेड।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493