मुंबई, 19 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री आहना कुमरा आगामी धारावाहिक ‘एजेंट विनोद’ में तृषा के किरदार में नजर आएंगी।
इससे पहले आहना को टेलीविजन शो ‘युद्ध’ में मेगास्टार अमिताभ बच्चन की बेटी के किरदार में देखा गया था।
अभिनेत्री नसीरुद्दीन शाह के थियेटर ग्रुप ‘मोटले’ का हिस्सा भी रह चुकी हैं और उन्होंने इस दिग्गज कलाकार से अभिनय के गुर सीखे।
वह ‘एजेंट विनोद’ में अपराध शाखा की एक खास इकाई की अध्यक्ष की भूमिका में नजर आएंगी।
आहना ने कहा, “तृषा एक बहुत ही मजबूत किरदार है। वह मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से काफी सशक्त भी है। इस किरदार को निभाना काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। मैं इस शो का इंतजार कर रही हूं।”
इस शो में अभिनेता शरद केलकर को एजेंट विनोद का किरदार निभाते देखा जाएगा। शो पांच सितम्बर से प्रसारित होगा।
dharmpath.com dharmpath